समाचार संकलन : भूपेंद्र नवरंग
रायगढ़। शहर के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले मोनेट प्लांट में आज दोपहर एक गंभीर हादसा हुआ है। इस हादसे में प्लांट के 5 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गर्म डस्ट से ये कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों में से दो कर्मचारियों की स्थिति खतरनाक बताई जा रही है।
घायलों को एयर एंबुलेंस से रायपुर रेफर किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल कर्मचारियों में जीवनंदन देशमुख, मधुकर रावटे, मनीष गुप्ता, शिव साहू और शंकर कटकवार शामिल हैं। हादसा आज तकरीबन दोपहर डेढ़ बजे रायगढ़ के भूपदेवपुर स्थित जेएसडब्ल्यू मोनेट प्लांट में हुआ।
हादसे के बाद रायगढ़ एसपी संतोष कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। कर्मचारियों ने एसपी को बताया कि प्लांट में चेम्बर के जाम को खोलने के लिए मेंटनेंस का काम चल रहा था तभी अचानक गर्म डस्ट और पानी का प्रेशर चेंबर से निकल गया, जिसकी वजह से पांचो कर्मचारी झुलस गए। भूपदेवपुर पुलिस और इंडस्ट्रियल सेफ्टी टीम हादसे के कारणों की जाँच में लगी हुई है।